Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

केरल : हवाई अड्डे पर सोना तस्करी करने वाली महिला के अपहरण की कोशिश, पुलिस पर हमला

मलप्पुरम (केरल), तीन नवंबर (भाषा) केरल के कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की कथित तस्करी करने वाली एक महिला का अपहरण करने की कोशिश कर रहे एक गिरोह के सदस्यों की पुलिस के साथ झड़प हुई, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

करीपुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना एक दिन पहले तड़के हवाई अड्डे की पार्किंग में हुई।

अधिकारी के अनुसार, महिला पार्किंग में उस व्यक्ति से मिलने पहुंची थी, जो उसे लेने आया था। अधिकारी के अनुसार इसी दौरान छह लोगों का एक समूह वहां पहुंचा और महिला और उसके सामान को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा।

उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें रोकने के लिए हस्तक्षेप किया, तो गिरोह के सदस्यों ने पुलिस पर हमला कर दिया और इस दौरान एक अधिकारी घायल हो गया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ लिया, जबकि बाकी चार लोग अपने वाहन से फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि गिरोह के दो सदस्यों ने भागने के दौरान उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे एक पुलिस अधिकारी को वाहन से कुचलने का प्रयास भी किया।

पुलिस के अनुसार, महिला और उसे लेने आए व्यक्ति को सीमा शुल्क विभाग के हवाले कर दिया गया है क्योंकि महिला के पास से कथित तौर पर 800 ग्राम से अधिक सोना बरामद हुआ है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए गिरोह के दोनों सदस्यों के खिलाफ लूट की कोशिश का एक मामला दर्ज किया गया है और बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि गिरोह के फरार चार अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है जो नादापुरम इलाके के रहने वाले हैं।

भाषा मनीषा अमित

अमित