Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

बजाज फिनसर्व का मुनाफा दूसरी तिमाही में 25 प्रतिशत बढ़कर 5,952 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) बजाज फिनसर्व का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 5,952 करोड़ रुपये हो गया।

पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 4,746 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

बजाज फिनसर्व ने शेयर बाजार को दी सूचना में मंगलवार को बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 43,416 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 37,403 करोड़ रुपये थी।

आलोच्य तिमाही में कंपनी की ब्याज आय भी बढ़कर 23,824 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 19,599 करोड़ रुपये थी।

पुणे मुख्यालय वाली कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 34,812 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 30,581 करोड़ रुपये था।

इस बीच, कंपनी की अनुषंगी बजाज जनरल इंश्योरेंस का मुनाफा आलोच्य तिमाही में 19 प्रतिशत घटकर 420 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 517 करोड़ रुपये था।

बजाज फिनसर्व एसेट मैनेजमेंट की प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (एयूएम) का आकार 30 सितंबर, 2026 तक 35,768 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी की तीन प्रमुख अनुषंगी कंपनियां- बजाज फाइनेंस लिमिटेड, बजाज लाइफ इंश्योरेंस और बजाज जनरल इंश्योरेंस हैं।

भाषा यासिर अजय

अजय