Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

एप्पल ने सितंबर तिमाही में भारत में बनाया राजस्व का नया रिकॉर्ड

(फाइल तस्वीर)

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल ने भारत में जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान अपना अबतक का सर्वाधिक राजस्व दर्ज किया है। कंपनी ने मैक और सेवा कारोबार में भी रिकॉर्ड राजस्व हासिल किया। इसके अलावा, नया आईफोन लेने वाले ग्राहकों की संख्या भी इस तिमाही में रिकॉर्ड स्तर पर रही।

अमेरिकी कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जॉन टर्नस ने कंपनी की तिमाही आय पर चर्चा के दौरान कहा कि सितंबर तिमाही में भारत सहित कई बाजारों में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है।

टर्नस ने कहा, ‘‘हमने अमेरिका, यूरोप, चीन और शेष एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सितंबर तिमाही के राजस्व का रिकॉर्ड बनाया। विकसित और उभरते बाजारों में भी इस तिमाही का रिकॉर्ड प्रदर्शन देखा गया। इसके अलावा, भारत में अबतक का सर्वाधिक राजस्व हासिल किया।’’

उन्होंने कहा कि भारत में बीती तिमाही के दौरान पुराने आईफोन की जगह नया मॉडल लेने वाले ग्राहकों की संख्या भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इससे वैश्विक स्तर पर कंपनी के लिए वित्त वर्ष में ऐसे ग्राहकों की अब तक की सर्वाधिक संख्या दर्ज करने में मदद मिली।

एप्पल का वैश्विक आईफोन राजस्व आलोच्य तिमाही में सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढ़कर 57.6 अरब डॉलर रहा। यह वृद्धि आपूर्ति संबंधी बाधाओं और विदेशी मुद्रा विनिमय दरों में प्रतिकूल उतार-चढ़ाव के बावजूद दर्ज की गई।

टर्नस ने कहा कि कंपनी ने अमेरिका और वृहद चीन में दहाई अंक में वृद्धि दर्ज की। भारत, अमेरिका और मुख्यभूमि चीन सहित दुनिया भर में नया आईफोन लेने वाले ग्राहकों की संख्या भी सितंबर तिमाही में रिकॉर्ड स्तर पर रही।

उन्होंने बताया कि एप्पल ने हाल ही में भारत में एक्सिस बैंक के साथ साझेदारी में अपनी भुगतान सेवा 'एप्पल पे' शुरू की है। यह सेवा अब 90 से अधिक बाजारों में उपलब्ध है।

कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) केवन पारेख ने कहा कि मैक कारोबार का राजस्व 24 प्रतिशत बढ़कर 10.8 अरब डॉलर हो गया। भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया में मैक कारोबार ने अबतक का सर्वाधिक राजस्व दर्ज किया।

पारेख ने कहा, ‘‘एप्पल के सेवा कारोबार ने भी भारत में अबतक का सर्वाधिक राजस्व हासिल किया। वैश्विक स्तर पर सेवा कारोबार का राजस्व 10 प्रतिशत बढ़कर 31.6 अरब डॉलर रहा। भारत और लातिनी अमेरिका जैसे उभरते बाजारों में अधिकांश में सेवा कारोबार ने राजस्व का नया रिकॉर्ड बनाया।’’

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय