Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

एयरलाइन कारोबार में उतरने की योजना नहीं, अपने ग्राहकों से प्रतिस्पर्धा ठीक नहीं: अदाणी एयरपोर्ट सीईओ

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरुण बंसल ने कंपनी के एयरलाइन कारोबार में उतरने की योजना के बारे में पूछे जाने पर मंगलवार को कहा कि अपने ग्राहकों के साथ प्रतिस्पर्धा करना कभी अच्छी रणनीति नहीं होती।

उन्होंने एयरलाइन कारोबार में उतरने की योजना के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि एयरलाइन कंपनियां एएएचएल की ग्राहक हैं और ‘‘अपने ग्राहकों के साथ प्रतिस्पर्धा करना कभी अच्छी रणनीति नहीं होती।’’

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस संदर्भ में एएएचएल और अदाणी समूह को अलग-अलग देखा जाना चाहिए।

ऐसी खबरें आई थीं कि अदाणी समूह एयरलाइन कारोबार में उतरने को इच्छुक है। हालांकि, समूह ने ऐसी खबरों का खंडन किया था।

एएएचएल के तहत फिलहाल आठ हवाई अड्डे हैं। इन हवाई अड्डों पर सालाना करीब 10 करोड़ यात्रियों की आवाजाही होती है और कंपनी को उम्मीद है कि यह संख्या बढ़कर 30 करोड़ हो जाएगी।

बंसल ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ‘एविएशन इंडिया एंड साउथ एशिया 2026’ सम्मेलन के एक सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि एएएचएल हवाई अड्डों के निजीकरण की प्रक्रिया में हिस्सा लेगी और अगले 10 साल में अपने हवाई अड्डों पर सालाना 30 करोड़ यात्रियों को संभालने का लक्ष्य रखती है।

मुंबई और नवी मुंबई हवाई अड्डे एएएचएल के पोर्टफोलियो का हिस्सा हैं।

बंसल ने कहा कि मुंबई हवाई अड्डे पर विमानों के परिचालन क्षेत्र की क्षमता बढ़ाने के लिए काम चल रहा है और टर्मिनल-1 का नवीनीकरण 2030 की शुरुआत में पूरा होने की उम्मीद है।

भाषा निहारिका अजय

अजय