नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) मंगलवार को अपराह्न दो बजे तक ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :
दि33 : विदेश मंत्रालय प.एशिया भारतीय
ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज पर हमले में भारतीय नागरिक की मौत
नयी दिल्ली, ओमान में लिमाह के पास सोमवार शाम एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। भारत ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।
दि34 : न्यायालय विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शन स्थल पर हमेशा के लिए कब्जा नहीं किया जा सकता : उच्चतम न्यायालय
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने त्योहार के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों पर रोक लगाने संबंधी कारोबारी संगठनों की याचिका पर केंद्र व अन्य पक्षों से जवाब मांगते हुए मंगलवार को कहा कि किसी प्रदर्शन स्थल पर “हमेशा के लिए” कब्जा करके नहीं रखा जा सकता।
दि25 : दिल्ली रोहिणी अदालत हड़ताल
एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के निलंबन के बाद रोहिणी अदालत के वकीलों ने हड़ताल वापस ली
नयी दिल्ली, सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मनस्वी वशिष्ठ को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के बाद ‘रोहिणी कोर्ट बार एसोसिएशन’ ने हड़ताल का अपना आह्वान मंगलवार को वापस ले लिया।
प्रादे46 : महाराष्ट्र मोदी मेट्रो
भारत का मेट्रो नेटवर्क पिछले 12 वर्षों में 248 किमी से बढ़कर 1,200 किमी हुआ: प्रधानमंत्री मोदी
पुणे, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में 248 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क परिचालन में था जबकि अब यह बढ़कर 1,200 किलोमीटर हो गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बेहतर शहरी बुनियादी ढांचा देश की आर्थिक वृद्धि को तेज करेगा।
दि8 : कांग्रेस सत्र
'वोट चोरी' पर विशेष सत्र के लिए पहले ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लें शाह : कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि यदि गृह मंत्री अमित शाह ‘‘वोट चोरी’’ के मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा सुनिश्चित करना चाहिए और मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) रोकना चाहिए।
वि9 : नेपाल लीड टक्कर
नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में एक भारतीय की मौत
काठमांडू, नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार को एक हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर हो गई, जिसमें 47 वर्षीय एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अर्थ18 : गोयल जीएम उत्पाद
भारत ने कभी आनुवंशिक रूप से संशोधित उत्पादों के आयात की अनुमति नहीं दी, आगे भी नहीं देगा: गोयल
नयी दिल्ली, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि भारत ने कभी भी आनुवंशिक रूप से संशोधित (जीएम) उत्पादों के आयात की अनुमति नहीं दी है और भविष्य में भी ऐसा नहीं करेगा, क्योंकि यह ‘‘बहुत संवेदनशील’’ मुद्दा है।
प्रादे37 : केरलम स्कूल बंद
केरलम के वायनाड में करीब 100 विद्यार्थियों के बीमार पड़ने पर स्कूल एक सप्ताह के लिए बंद
वायनाड (केरल), केरलम के वायनाड जिले के कलपेट्टा स्थित एक स्कूल को करीब 100 विद्यार्थियों के बुखार और उल्टी से पीड़ित होने के बाद एक सप्ताह के लिए बंद रखने का आदेश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अर्थ17 : भारत सोना डब्ल्यूजीसी
भारत में जुलाई-सितंबर में सोने की मांग 29 प्रतिशत घटकर 162.5 टन रही: डब्ल्यूजीसी
मुंबई, भारत में जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान सोने की मांग सालाना आधार पर 29 प्रतिशत घटकर 162.5 टन रह गई। इसकी वजह आयात शुल्क में बढ़ोतरी, कीमतों में तेज उछाल और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से खरीदारी पर अंकुश लगाने की अपील रही।
वि12 : संरा भारतीय हथियार
संयुक्त राष्ट्र में क्षेत्रीय पारंपरिक हथियार नियंत्रण मसौदे के खिलाफ भारत और इजराइल ने किया मतदान
संयुक्त राष्ट्र, भारत और इजराइल ने क्षेत्रीय एवं उपक्षेत्रीय स्तर पर पारंपरिक हथियारों पर नियंत्रण से संबंधित पाकिस्तान और बेलारूस के मसौदा प्रस्ताव के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र महासभा में मतदान किया। भारत ने कहा कि देशों की सुरक्षा संबंधी चिंताएं केवल क्षेत्रीय सीमाओं तक सीमित नहीं होती हैं।
खेल12 : खेल फुटबॉल एएफसी एशियाई कप
मध्य पूर्व में संघर्ष के कारण एशियाई कप लगभग एक साल के लिए स्थगित
कुआलालंपुर, एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) ने मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष और मेजबान सऊदी अरब में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण 2027 में होने वाले एशियाई कप को लगभग एक साल के लिए स्थगित कर दिया है।
खेल11 : खेल सैंटनर रोहित कोहली
सैंटनर ने माना, रोहित और कोहली से सतर्क रहना होगा
ऑकलैंड, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का मानना है कि बुधवार से यहां शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे श्रृंखला में उनकी टीम को भारत के दिग्गज बल्लेबाजों रोहित शर्मा और विराट कोहली से सतर्क रहना होगा और उनके गेंदबाजों को अनुशासित गेंदबाजी करनी होगी।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा