सुलतानपुर (उप्र), तीन नवम्बर (भाषा) सुलतानपुर जिले में अवैध खनन में शामिल लोगों ने छापेमारी करने पहुंची राजस्व विभाग की एक टीम पर कथित तौर पर हमला कर दिया, जिसमें एक नायब तहसीलदार का पैर टूट गया और दो लेखपाल घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत रामनगर इमलिया गांव में हुई और इसमें नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव का पैर टूट गया है, वहीं दो लेखपाल घायल हुए हैं।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि इलाके में अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद औचक निरीक्षण के लिए खनन विभाग के अधिकारियों के साथ राजस्व विभाग की एक टीम भेजी गई थी।
उन्होंने बताया कि टीम ने मौके पर अवैध खनन होते पाया। सिंह ने कहा कि जब एक बुलडोजर और ट्रकों ने कथित तौर पर वहां से भागने की कोशिश की, तो अधिकारियों ने उन्हें रोकने के लिए हस्तक्षेप किया, जिसके बाद खनन में शामिल लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव और लेखपाल कुंवर बृजेश सिंह और सुमित कुमार घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया, एक डंपर ट्रक जब्त किया गया और दो प्राथमिकी दर्ज की गईं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में गैंगस्टर एक्ट और अन्य कानूनी धाराओं के तहत और अधिक सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं जफर मनीषा अमित
अमित