Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

बेंगलुरु में फास्ट फूड दुकान पर काम करने वाले असम के कर्मियों से मारपीट, चार लोग गिरफ्तार

बेंगलुरु, तीन नवंबर (भाषा) बेंगलुरु में फास्ट फूड की एक दुकान पर परोसे गए नूडल्स के अधिक तीखे होने की शिकायत करने के बाद वहां काम करने वाले असम के तीन कर्मियों से मारपीट के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना 29 अक्टूबर की देर रात इलेक्ट्रॉनिक सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोड्डाथोगुरु में फास्ट फूड की एक दुकान में हुई।

कथित मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी ऑनलाइन सामने आया है जिसमें कुछ लोग फास्ट फूड की दुकान पर काम करने वाले असम के कर्मियों पर हमला करते दिख रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि कुछ लोग दुकान पर आए थे और कथित रूप से नशे की हालत में थे। उन्होंने नूडल्स के तीखेपन को लेकर शिकायत की जिसके बाद दुकान के कर्मियों के साथ उनकी बहस हुई जिससे विवाद शुरू हो गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने कर्मियों को जमीन पर गिरा दिया और उन्हें लात-घूंसे मारे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मारपीट रोकने के लिए बीच-बचाव करने आए एक व्यक्ति पर भी हमला किया गया।

पीड़ितों की शिकायत पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस ने गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) दर्ज की और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू की।

इसके बाद पुलिस ने डोड्डाथोगुरु के ही रहने वाले चार लोगों - रवि कुमार (31), पुट्टास्वामी (35), मनोहर (31) और सिद्धराज को ढूंढ निकाला और पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि उन्हें कानूनी प्रावधानों के तहत नोटिस देकर आगे की जांच पूरी होने तक छोड़ दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा