लातूर, तीन नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में आबकारी विभाग ने दो स्थानों पर छापेमारी करके 19.77 लाख रुपये की अवैध शराब और अन्य सामग्री जब्त की है। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में गोवा में निर्मित शराब का भंडार मिला, जो कथित तौर पर महाराष्ट्र में बिक्री के लिए था।
एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पहली छापेमारी 30 अक्टूबर को मालवती रोड स्थित सद्गुरु नगर में की गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान गोवा निर्मित शराब की सीलबंद प्लास्टिक की 1,152 बोतल, विभिन्न ब्रांड की नकली शराब की 125 बोतल, शराब के अलग-अलग ब्रांड के 5,650 नकली ढक्कन, शराब की ढुलाई में कथित तौर पर इस्तेमाल किया जाने वाला वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।
उन्होंने बताया कि शराब के भंडार और संबंधित परिसर के कथित मालिकों के खिलाफ महाराष्ट्र निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर आबकारी विभाग के अधिकारियों ने रविवार को आनंद नगर स्थित एक मकान पर छापा मारा और वहां से गोवा निर्मित शराब की सीलबंद 276 बोतलें बरामद कीं। उन्होंने बताया कि मकान मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही शराब खरीदें और अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री से जुड़ी जानकारी विभाग की हेल्पलाइन पर दें।
भाषा अमित
अमित