मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया बताने वाले बयान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के सामने नाक रगड़ते हैं, वही आज देवभूमि के लोगों के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। उत्तराखंड की धरती ने देश को अनेक महान विभूतियां दी हैं। मां गंगा, यमुना, सरयू और राप्ती जैसी नदियों का उद्गम भी उत्तराखंड से जुड़ा है। ऐसे में देवभूमि के लोगों पर उंगली उठाना संकुचित और विभाजनकारी सोच को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, खानपान और देश की सुरक्षा में प्रदेश के लोगों के योगदान की सराहना की।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तराखंड के जवान देश की सीमाओं की रक्षा करते समय यह नहीं देखते कि वे अरुणाचल में तैनात हैं या राजस्थान में। उनके लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली, देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत, वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का उल्लेख करते हुए देवभूमि के योगदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों पर सवाल उठाने वाले उनकी देशभक्ति और बलिदान को भूल जाते हैं। ऐसे लोगों की संवेदना लोक संस्कृति और लोक आस्था के बजाय माफियाओं से जुड़ी होती है। समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वालों से सावधान रहने की जरूरत है।

सीएम योगी ने उत्तराखंड महापरिषद को आश्वासन दिया कि पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन उत्तराखंड से जुड़े आयोजनों के लिए सुरक्षित रहेगा। यहां उत्तराखंड महापरिषद के कार्यक्रम निर्बाध रूप से होते रहेंगे और कोई अन्य गतिविधि नहीं कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार उत्तराखंडवासियों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान की विशेषता बताते हुए कहा कि यहां के व्यंजन प्राकृतिक पोषण और औषधीय गुणों से भरपूर हैं। कोदो, झंगोरा, कुल्थ की दाल और चौलाई जैसे पारंपरिक अनाजों को पहचान और ब्रांडिंग की जरूरत है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट' के बाद अब 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन' यानी 'एक जिला-एक व्यंजन' अभियान को बढ़ावा दे रही है।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंचप्रण का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए अपनी विरासत पर गर्व, सेना और सुरक्षाबलों का सम्मान, सामाजिक एकता और नागरिक कर्तव्यों का पालन जरूरी है। उन्होंने बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और कैंची धाम के साथ अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज और नैमिषारण्य को देश की साझा सांस्कृतिक विरासत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अयोध्या में अंधेरा और गंदगी रहती थी, लेकिन आज अयोध्या और काशी जगमगा रही हैं। प्रदेश में भव्य दीपोत्सव और दिव्य कुंभ जैसे आयोजन हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश पहले बीमारू राज्यों में गिना जाता था, लेकिन अब देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से प्रयास करने पर विकास का रास्ता खुलता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली में जन्मे पद्मश्री सम्मानित वैज्ञानिक प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और अल्मोड़ा की प्रसिद्ध लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया। उन्होंने दोनों की उपलब्धियों और योगदान की सराहना की। साथ ही पंडित गोविंद वल्लभ पंत, हेमवती नंदन बहुगुणा और नारायण दत्त तिवारी को भी याद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य अतिथियों ने 'उत्तराखंड दर्पण स्मारिका 2026' के विशेषांक 'विकसित भारत श्रेष्ठ भारत' का विमोचन किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड महापरिषद के बाल कलाकारों ने गुरु गोरखनाथ जागर की प्रस्तुति दी। इसके अलावा उत्तराखंड के लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में विधायक ओपी श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, उत्तराखंड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में उत्तराखंडवासी मौजूद रहे।
