नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) उत्तर दिल्ली के वजीराबाद स्थित संगम विहार में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 11 बजे वजीराबाद के संगम विहार स्थित गली नंबर 14 में गोलीबारी की घटना हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोली लगने से गंभीर रूप से घायल रवि को आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
उनके मुताबिक, पुलिस ने मुख्य शूटर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जिनकी पहचान वजीरपुर निवासी कमल गोस्वामी और मोनू के तौर पर हुई है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस जांच में पता चला कि रवि उत्तर-पश्चिम जिले के नेताजी सुभाष पैलेस थाने में 2021 में दर्ज हत्या के एक मामले में आरोपी था और इसी साल अक्टूबर में जमानत पर बाहर आया था।
अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात रवि अपने परिचितों के साथ शराब पी रहा था जिनमें कमल गोस्वामी भी शामिल था और वह 2021 में कत्ल किए गए व्यक्ति का दोस्त था।
उन्होंने कहा कि वह बदला लेने की नीयत से आया था और उसने पिस्तौल से रवि पर कथित रूप से गोलियां चला दीं।
पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल अवैध पिस्तौल और फरार होने के लिए इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली गई है।
अधिकारी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
भाषा नोमान प्रचेता मनीषा
मनीषा