ऑकलैंड, तीन नवंबर (भाषा) हार्दिक पंड्या के चोट के कारण लंबे समय तक टीम से बाहर रहने से भारत की वनडे टीम का संतुलन बिगड़ गया है और कप्तान शुभमन गिल का मानना है कि इस ऑलराउंडर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने पर टीम के सातवें और आठवें नंबर के बल्लेबाज की गुत्थी सुलझ जाएगी।
गिल ने कहा कि पंड्या बेजोड़ कौशल के धनी हैं और वह खेल के किसी भी चरण में अपना प्रभाव छोड़ सकते हैं।
गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर हार्दिक पंड्या टीम में वापसी करते हैं, तो हमारे नंबर सात और नंबर आठ बल्लेबाज के स्थान भी तय हो जाएंगे। इससे बल्लेबाजी के लिहाज से हमारी टीम कहीं अधिक संतुलित नजर आएगी।’’
हार्दिक आमतौर पर छठे या सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं। वह आईपीएल के बाद चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हैं। जब वह भारतीय टीम में वापसी के करीब थे तभी उनकी पिंडली में खिंचाव आ गया था।
गिल ने कहा, ‘‘वह (पंड्या) शानदार खिलाड़ी हैं। उनके जैसा कौशल बहुत कम खिलाड़ियों में देखने को मिलता है। एक ऐसा ऑलराउंडर टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है जो खेल के प्रत्येक चरण में गेंदबाजी कर सकता है और बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान दे सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह आईपीएल के बाद से खेल नहीं पाए हैं।’’
गिल ने कहा कि वह इस 32 वर्षीय खिलाड़ी के संपर्क में हैं और उम्मीद है कि वह भारतीय टीम में वापसी से पहले कुछ घरेलू मैच खेलेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी कई बार बातचीत हुई है। उन्हें भारत ए की तरफ से कुछ मैच खेलने थे लेकिन उससे ठीक पहले वह चोटिल हो गए। उम्मीद है कि वह जल्द ही फिट होकर घरेलू क्रिकेट में कुछ मैच खेलेंगे और फिर टीम में वापसी करेंगे।’’
भाषा
पंत
पंत