Breaking News

उत्तराखंड में 10 IAS और 20 PCS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के CDO बदले     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क अंडरपास के पास डीटीसी बस में लगी आग     |   सऊदी अरब में हूतियों का ड्रोन अटैक, पंपिंग स्टेशन को निशाना बनाने का दावा     |   अमेरिका: ब्रुकलिन में इमारत गिरने से एक की मौत, 10 जख्मी     |   हैदराबाद: मूसी कायाकल्प का पहला चरण जल्द होगा शुरू, CM रेवंत रेड्डी का ऐलान     |  

मधुबनी में एएसआई ने सर्विस पिस्टल से की गोलीबारी, एक की मौत, तीन घायल

मधुबनी, तीन नवंबर (भाषा) बिहार के मधुबनी जिले में एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से गोलीबारी कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी और तीन अन्य को घायल कर दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान अशोक यादव (50) के रूप में हुई है। आरोपी एएसआई की पहचान चंद्र मोहन के रूप में हुई है, जो बाबूबरही इलाके में स्थित एक पुलिस चौकी पर तैनात था। घटना के बाद से वह फरार है।

जिला पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब एक बजे बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में हुई। कथित तौर पर एएसआई को ग्रामीणों ने एक महिला के घर के अंदर पकड़ा और एक कमरे में बंद कर दिया था।

पुलिस के मुताबिक, कमरे से निकलकर भागने की कोशिश के दौरान एएसआई ने अपनी सर्विस पिस्टल से चार गोलियां चलाईं, जिससे चार लोग घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, अशोक यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने आरोपी एएसआई को निलंबित कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि फरार एएसआई को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

भाषा कैलाश मनीषा

मनीषा