नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) एसीएमई सोलर होल्डिंग्स ने अपनी अनुषंगी कंपनी एसीएमई रिन्यूटेक प्राइवेट लिमिटेड के जरिये राजस्थान के बीकानेर में 66.68 मेगावाट की अतिरिक्त सौर ऊर्जा क्षमता शुरू की है।
इस क्षमता के शुरू होने के साथ ही हाइब्रिड परियोजना की कुल परिचालन क्षमता बढ़कर 200.04 मेगावाट हो गई है। नयी शुरू की गई क्षमता की वाणिज्यिक परिचालन तिथि (सीओडी) चार नवंबर, 2026 है।
इस परियोजना के शुरू होने के बाद एसीएमई सोलर की परिचालन क्षमता करीब 3,190 मेगावाट हो गई है।
एसीएमई रिन्यूटेक की हाइब्रिड परियोजना राजस्थान के बीकानेर जिले के केलां गांव में स्थित है। इस परियोजना के लिए एनटीपीसी लिमिटेड के साथ 3.36 रुपये प्रति किलोवाट-घंटा की दर से बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
एसीएमई सोलर को उम्मीद है कि वह वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही के अंत तक परियोजना की पूरी 300 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता को चरणबद्ध तरीके से परिचालन में ले आएगी।
एसीएमई सोलर होल्डिंग्स लिमिटेड नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की एक प्रमुख कंपनी है।
भाषा निहारिका
निहारिका