दुबई, 10 सितंबर (भाषा) भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बृहस्पतिवार को यहां महिला एशिया कप के फाइनल में पहुंचने के बाद कहा कि वह अपनी बल्लेबाजों और गेंदबाजों के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं।
पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराने के बाद हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, ‘‘जिस तरह से चीजें आगे बढ़ रही हूं, उससे मैं खुश हूं। हमारी बल्लेबाजी और गेंदबाजी जिस तरह चल रही है, उससे भी संतुष्ट हूं। ’’
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (64 रन) के अर्धशतक से सात बार की चैंपियन भारतीय टीम ने छह विकेट पर 149 रन का स्कोर खड़ा किया। फिर दीप्ति शर्मा के साथ अन्य गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन से भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट पर 109 रन ही बनाने दिए।
हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘अच्छी गेंदों की अपनी अहमियत थी। अगर आप गेंद को टर्न और स्पिन करा पा रहे थे तो उन गेंदों का प्रभाव भी दिख रहा था। आज दोनों टीम की स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की। बल्लेबाजों के लिए परिस्थितियां मुश्किल थीं और स्पिनरों ने पिच का बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया। ’’
हरमनप्रीत ने दीप्ति के साथ ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ शेफाली के प्रदर्शन की भी तारीफ की।
भारत अब रविवार को श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगा।
भाषा नमिता
नमिता