उत्तर प्रदेश में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं की निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे सीएम डैशबोर्ड की अगस्त माह की रैंकिंग जारी हो गई है। इसमें शाहजहांपुर ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं रामपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर रहे। रैंकिंग में जिलों के प्रशासनिक प्रदर्शन, जनशिकायतों के निस्तारण, फीडबैक और विभिन्न योजनाओं की प्रगति समेत कई मानकों को शामिल किया गया है।
9.53 अंक के साथ शाहजहांपुर नंबर-1
अगस्त की रैंकिंग में शाहजहांपुर को 10 में से 9.53 अंक मिले हैं। जिले के डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से सामने आने वाली जनशिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों और राजस्व प्रबंधन समेत विभिन्न मानकों पर जिले के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है। इन्हीं प्रयासों के चलते शाहजहांपुर ने 9.53 अंक के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
रामपुर को 9.48 अंक, लगातार टॉप-10 में
रामपुर ने 9.48 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, शिकायतों पर कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मानकों पर किया जाता है।
जुलाई में रामपुर की 68 योजनाओं और कार्यक्रमों की निगरानी की गई, जिसमें 65 कार्यक्रमों में जिले को ए ग्रेड मिला। वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि, समाज कल्याण, लोक निर्माण, ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उद्योग, सहकारिता और सिंचाई समेत कई विभागों में जिले ने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल किया। रामपुर पिछले कई महीनों से सीएम डैशबोर्ड की टॉप-10 रैंकिंग में बना हुआ है। अगस्त में भी 9.48 अंक के साथ जिले ने दूसरा स्थान हासिल किया।
बरेली तीसरे स्थान पर
अगस्त की रैंकिंग में बरेली ने 9.43 अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया। जनशिकायतों के निस्तारण, फीडबैक और प्रशासनिक कार्यों में बेहतर प्रदर्शन के चलते बरेली टॉप-3 में जगह बनाने में सफल रहा।
आजमगढ़ और पीलीभीत चौथे स्थान पर
सीएम डैशबोर्ड की टॉप-10 रैंकिंग में अन्य जिलों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है। आजमगढ़ और पीलीभीत को 9.36-9.36 अंक मिले और दोनों जिले संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। वहीं मैनपुरी 9.34 अंक के साथ पांचवें, महराजगंज 9.27 अंक के साथ छठे, अंबेडकरनगर 9.26 अंक के साथ सातवें, सुल्तानपुर 9.24 अंक के साथ आठवें और हरदोई 9.23 अंक के साथ नौवें स्थान पर रहा। सोनभद्र ने 9.21 अंक हासिल कर टॉप-10 में जगह बनाई।
सीएम डैशबोर्ड की यह रैंकिंग जिलों के प्रशासनिक कामकाज और योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ जनसमस्याओं के समाधान की स्थिति को भी सामने लाती है। सरकार का जोर है कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके।