नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक सरकार के उस आदेश को ‘अवैध’ करार दिया, जिसमें आधिकारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के केवल दो अंतरे गाने की ही बात कही गई है।
भाजपा ने कहा कि यह निर्णय कट्टरपंथी ताकतों और मुस्लिम लीग के सामने कांग्रेस की 'पूर्ण समर्पण' की नीति का 'प्रत्यक्ष प्रमाण' है।
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस अब प्रभावी रूप से एक 'दिमागी नक्सल' और मुस्लिम लीग कांग्रेस बन गई है।’’
यह प्रतिक्रिया कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के उस आदेश के बाद आई है, जिसमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या राज्यपाल की उपस्थिति वाले कार्यक्रमों को छोड़कर, अपने अन्य कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल पहले दो अंतरों को ही गाए जाने का निर्देश दिया गया है।
यह आदेश राज्य में आयोजित होने वाले सरकारी कार्यक्रमों और समारोहों में वंदे मातरम् की धुन बजाने या गाने को लेकर राज्य कैबिनेट द्वारा लिये गए निर्णय के बाद आया है।
कर्नाटक सरकार के इस कदम को 'अवैध' बताते हुए त्रिवेदी ने कहा कि यह कांग्रेस के 'असली चरित्र' को उजागर करता है कि वह संविधान को अपनी जेब में रखना चाहती है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मुस्लिम लीग को छोड़कर अपने सभी गठबंधन सहयोगियों से पूरी तरह से अलग-थलग पड़ चुकी कांग्रेस, पूरे वंदे मातरम् को गाने के संबंध में 'गैर-कानूनी कृत्य' करने के लिए अपनी राज्य सरकारों का उपयोग करने लगी है।
भाषा सुरेश देवेंद्र
देवेंद्र