Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

‘द वन’ का नया गीत 'छठी मैया' जारी किया गया

मुंबई, 10 सितंबर (भाषा) फिल्म ‘द वन’ के निर्माताओं ने छठ पूजा से संबंधित ‘‘छठी मैया’’ गीत बृहस्पतिवार को रिलीज कर दिया, जिसे विशाल मिश्रा ने संगीत और आवाज दी है और कौशल किशोर ने इसके बोल लिखे हैं।

गीत को अभिनेत्री तमन्ना भाटिया पर फिल्माया गया है, जो सिद्धार्थ मल्होत्रा ​​के साथ फिल्म में हैं।

तमन्ना ने कहा कि वह इस गीत के जरिए बिहार के त्योहार और सांस्कृतिक गौरव को बड़े पर्दे पर लाने को लेकर उत्साहित हैं।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘फिल्म ‘द वन’ का हिस्सा बनना और छठी मैया गीत के जरिए भारतीय फिल्म उद्योग के बड़े पर्दे पर पहली बार छठ मनाकर बिहार और पटना के गौरव को जीवंत करना एक अद्भुत एहसास है।’’

अभिनेत्री ने कहा, ‘‘यह भारत के बिहारी गौरव को बड़े पर्दे पर लाने की हमारी एक विनम्र कोशिश है, और हम बस यही उम्मीद करते हैं कि दर्शकों को भी वैसा ही आध्यात्मिक और भक्तिपूर्ण अनुभव हो, जैसा हमने इस (गीत की शूटिंग की) पूरी यात्रा के दौरान महसूस किया।’’

मिश्रा ने कहा कि यह गीत बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में गहराई से जुड़ी छठ परंपरा को हिंदी सिनेमा तक लाने का एक अवसर है।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में गहरी जड़ें जमाए हुए छठ पर्व की आस्था और परंपरा को पहली बार हिंदी सिनेमा में लाना मेरे लिए सचमुच सम्मान और सौभाग्य की बात है।’’

फिल्म निर्माताओं के अनुसार, ‘‘गीत ‘छठी मैया’ फिल्म ‘द वन’ के आध्यात्मिक पहलू की झलक भी दिखाती है और वन देवी के महत्व को रेखांकित करती है, जो फिल्म की लोककथाओं पर आधारित दुनिया का अहम हिस्सा है।

फिल्म की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है और दीपक मिश्रा ने निर्देशन किया है। इस फिल्म में लोककथा, फंतासी, रहस्य-रोमांच और हास्य का मेल है।

शोभा कपूर, एकता आर. कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी द्वारा निर्मित, यह फिल्म टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के सहयोग से बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा लाई जा रही है।

फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश