सागर (मध्यप्रदेश), 10 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश की सागर जहरीली शराब त्रासदी में एक और व्यक्ति की मौत के बाद मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 16 हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से बीमार सहित 32 अन्य का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि आरोपी समझे जा रहे 30 लोगों में से 16 को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं।
उन्होंने स्वीकार किया कि सागर जिले में जहरीली शराब बनाई जा रही थी।
जिलाधिकारी प्रतिभा पाल ने फोन पर 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि एक और व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई, जबकि 32 लोगों का इलाज जारी है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
सागर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग सुजानिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ललितपुर के एक गिरोह का सदस्य रवि लखेड़ा जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब बनाने में शामिल था। सागर और ललितपुर की सीमा मिलती है।
सुजनिया ने बताया कि ललितपुर के कोतवाली थानाक्षेत्र की गंगापुरम कॉलोनी का रहने वाला लखेड़ा फरार है।
उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले का रहने वाला है, जहां उसके माता-पिता रहते हैं।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने आरोपियों-- मनीष लोधी, आशीष साहू और चंद्रभान सिंह के अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया है।
सुजानिया ने बताया कि मनीष और आशीष फरार हैं, जबकि चंद्रभान पुलिस हिरासत में है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने जो नकली शराब पी थी, उसका नाम 'सागर गोल्ड' था, जो स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सस्ती ‘व्हिस्की’ है।
सुजानिया ने अपने व्यस्त कार्यक्रम का हवाला देते हुए अधिक जानकारी साझा करने से इनकार करते हुए कहा,‘‘ हमने जहरीली शराब फैक्टरी का पता लगा लिया है।’’
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार को फैक्टरी से शराब बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री के साथ सागर गोल्ड की खाली बोतलें और लेबल बरामद किए गए।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को दुबई से यहां पहुंचने के तुरंत बाद जहरीली शराब पीने की घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके और जिम्मेदारियां तय की जा सकें।
मुख्यमंत्री ने हाल में तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दिलीप कुमार को सागर संभाग का प्रभार संभालने का भी निर्देश दिया और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी इरशाद वली को सागर रेंज का महानिरीक्षक नियुक्त किया।
यादव ने पहले कहा था कि गंभीर मामलों में लापरवाही या अनियमितता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाषा ब्रजेन्द्र
राजकुमार
राजकुमार