नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि बृहस्पतिवार को तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।
भारत 12 और 13 सितंबर को नयी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। आईएमडी ने शुक्रवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश, जबकि शनिवार को बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। रविवार को भी हल्की बारिश का अनुमान है।
'स्काईमेट' के महेश पलावत ने कहा, 'कल, पश्चिमी हवाओं के पूर्वी हवाओं में बदलने की संभावना है। वर्तमान में दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने का अनुमान है, जिससे इस क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।'
उन्होंने कहा, '11 सितंबर की शाम से दिल्ली में हल्की बारिश शुरू होने का अनुमान है, जबकि 12 और 13 सितंबर को कुछ समय के लिए हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यह इस साल दिल्ली में मानसून की बारिश का आखिरी दौर हो सकता है।'
पलावत ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 21 सितंबर के बाद दिल्ली से वापसी शुरू कर सकता है।
आईएमडी के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान इस मौसम के औसत से 3.1 डिग्री अधिक 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 134 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।
भाषा
शुभम माधव
माधव