जयपुर, 10 सितंबर (भाषा) राजस्थान के डूंगरपुर जिले में विद्यालय जा रही छात्राओं का दुपट्टा खींचने और घटना का वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, चौरासी थाना क्षेत्र के एक गांव में छात्राएं सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार कुछ युवकों ने उनके पास पहुंचकर कथित रूप से एक छात्रा का दुपट्टा खींच लिया। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने इस घटना का वीडियो बना लिया।
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि घटना का वीडियो नौ सितंबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोगों ने कथित तौर पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की थी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को वाणिया तालाब और रास्तापाल के जंगलों से पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने की बात स्वीकार की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में वाणिया तालाब निवासी रमेश सरपोटा और रास्तापाल निवासी विपिन आमलिया तथा शैलेश आमलिया को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी तुफान आमलिया की तलाश जारी है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत