गुवाहाटी, 10 सितंबर (भाषा) असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के संबंध में बृहस्पतिवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
सीईओ कार्यालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि बैठक के दौरान राजनीतिक दलों को चुनाव अधिसूचना, आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) और प्रचार संबंधी दिशानिर्देशों की जानकारी दी गई।
सीईओ कार्यालय ने कहा कि प्रतिनिधियों को यह भी बताया गया कि मतदान के दिन पहचान के लिए मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) के अलावा निर्धारित 12 वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी को भी प्रस्तुत किया जा सकता है।
नामांकन को लेकर उम्मीदवारों को सलाह दी गई कि वे स्पष्ट तस्वीर जमा करें, तस्वीर खिंचवाते समय चश्मा, टोपी और सफेद कपड़े पहनने से बचें। साथ ही चुनाव संबंधी कामों के लिए अलग बैंक खाता खोलने और शपथ पत्र तथा नामांकन पत्र में दर्ज पता एक समान रखने को कहा गया।
नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव छह अक्टूबर को होना है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन