पणजी, 10 सितंबर (भाषा) गोवा स्थित एक कैसीनो समूह के प्रबंध निदेशक को निशाना बनाकर पिछले महीने की गयी गोलीबारी के सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक राहुल गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुंबई के रहने वाले काजू शेख (28), इसरार अली (25) और सूरज आचार्य (36) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि शेख को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया, जबकि अली और आचार्य को मुंबई से पकड़ा गया।
गुप्ता ने कहा, “गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि गोलीबारी की घटना में उनकी भूमिका, इसका कारण, इस अपराध से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता आदि का पता लगाया जा सके।”
हालांकि, पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार किए गए तीनों व्यक्ति गोली चलाने वाले शूटर नहीं हैं। वास्तविक शूटर अब भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
भाषा रंजन अविनाश
अविनाश