नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस की टीम सत्य निकेतन में इमारत ढहने के मामले में फरार आरोपी शुभम त्यागी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार काम कर रही हैं।
वहीं सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि जांचकर्ता यह पता लगाने के लिए आरोपियों के मोबाइल फोन रिकॉर्ड और ‘ऑनलाइन चैट’ की जांच कर रहे हैं कि घटना के तुरंत बाद क्या हुआ था।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार सह-आरोपी सुधांशु लवनीश का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
सूत्रों ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है कि इमारत ढहने के बाद लवनीश ने सबसे पहले किसे फोन किया था, उसने घटना के बारे में क्या चर्चा की। साथ में उसकी बातचीत और चैट रिकॉर्ड और उपकरण में संग्रहीत अन्य डेटा की भी जांच की गई।
दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को पांच मंजिला इमारत के ढहने से सात लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन दुकान के लिए जगह बनाने के लिए भूतल पर एक दीवार हटा दी गई थी। व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए भूतल पर मरम्मत और विस्तार का काम भी चल रहा था।
पुलिस ने यह भी बताया कि कई दिनों की बारिश के बाद बेसमेंट में कचरा और पानी जमा होने के बाद उसमें आठ से 10 दिन से मरम्मत काम किया जा रहा था।
पुलिस ने इमारत की मालकिन उर्मिला गुप्ता (75), उनके पति हरिराम गुप्ता (81) व बेटे महेश के साथ-साथ श्रमिक ठेकेदार सनोज कुमार और पेइंग-गेस्ट-आवास संचालक लवनीश को गिरफ्तार कर लिया है।
लवनीश ने अपने दोस्त त्यागी के साथ अगस्त 2025 में 1.05 लाख रुपये प्रति माह पर इमारत की चार मंजिले पट्टे पर ली थी और इसमें 'हॉस्टल डेज़' नाम से पीजी का संचालन कर रहे थे।
पुलिस ने कहा कि त्यागी फरार है और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीम हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और कई अन्य स्थानों पर भेजी गई हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव