पन्ना, 10 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को स्कूल परिसर में ताश खेलने और शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जिले के नचनौरा में पदस्थ प्रभारी प्रधानाध्यापक मनीराम द्विवेदी का स्कूल परिसर में ताश खेलते हुए एक वीडियो पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा था। शिक्षा विभाग ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की।
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया, 'सोशल मीडिया और समाचार चैनलों पर प्रसारित एक वीडियो के आधार पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। वीडियो में वह स्कूल परिसर में अन्य शिक्षकों के साथ ताश खेलते हुए नजर आ रहे थे। उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।'
आदेश में कहा गया कि जांच में पाया गया कि विद्यार्थियों के अवकाश के समय अभिलेखों के संधारण, छात्रवृत्ति, मैपिंग और अन्य आवश्यक शासकीय कार्यों को पूरा करने के बजाय स्कूल परिसर में ताश खेली जा रही थी।
अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 और मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान मनीराम द्विवेदी का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, गुनौर रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत