नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस के दलों ने बृहस्पतिवार को राजेंद्र नगर में कई पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासों का दौरा किया और छात्रों से भवन सुरक्षा और अन्य मुद्दों से संबंधित उनकी चिंताओं को समझने के लिए बातचीत की, एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस के निर्देश पर पूरे शहर में चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत कई टीम ने ये दौरे किए। इनमें राजेंद्र नगर के थानेदार (एसएचओ) की टीम भी शामिल थी।
अधिकारी के अनुसार, बातचीत के दौरान, पुलिस कर्मियों ने पीजी आवास में रहने वाले छात्रों से बात की और इमारतों की स्थिति और उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा से संबंधित समस्याओं सहित उनके सामने आने वाले मसलों के बारे में पूछताछ की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि राजेंद्र नगर, छात्रों का एक प्रमुख केंद्र होने के नाते, पहले से ही सख्त पुलिस निगरानी में है।
अधिकारी ने कहा कि बेसमेंट में बारिश का पानी घुसने से तीन यूपीएससी अभ्यर्थियों की मौत के बाद इस क्षेत्र में पहले से ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
उन्होंने कहा, 'अब हम पीजी में रहने वाले छात्रों से संपर्क रहे हैं और उनसे पूछ रहे हैं कि क्या उन्हें कोई समस्या है। हम सभी छात्रों के साथ हैं और वे हमें किसी भी समय फोन कर सकते हैं।'
यह कवायद राष्ट्रीय राजधानी में पीजी और अन्य किराए के आवासों में रहने वाले छात्रों के साथ नियमित रूप से संपर्क करने के दिल्ली पुलिस के व्यापक प्रयास का हिस्सा है।
यह पहल सत्य निकेतन में छह सितंबर को इमारत के ढहने के बाद हुई है। इस घटना में पीजी आवास के रूप में इस्तेमाल की जा रही पांच मंजिला इमारत के ढह जाने से पांच छात्रों और दो मजदूरों की मौत हो गई थी।
घटना के बाद, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने पुलिस और अन्य अधिकारियों को पीजी आवास में रहने वाले छात्रों के सामने आने वाली समस्याओं का तुरंत समाधान करने का निर्देश दिया।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव