प्रयागराज, 10 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगा नगर क्षेत्र में हंडिया थाना पुलिस ने गोकशी के एक मामले में वांछित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गोकशी में इस्तेमाल किए गए तीन चापड़, लकड़ी के दो ठिहे, गोवंश की खाल और मांस बेचकर मिले 880 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि हंडिया थाना क्षेत्र के चौरा बडैरा गांव निवासी नागेश कुमार त्रिपाठी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन सितंबर को खूंटे से बंधी उनकी गाय लापता हो गई थी। तलाश करने पर गाय के अवशेष और खाल आदि मिश्रान गांव में झाड़ियों के पास स्थित एक कुएं के समीप मिले थे।
उन्होंने बताया कि इस शिकायत के आधार पर छह सितंबर को हंडिया थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और गोवध निवारण अधिनियम के तहत रज्जन शुक्ला, अंकित शुक्ला और सागर शुक्ला समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था।
गुनावत ने बताया कि मामले की जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने सागर शुक्ला (22), उसकी मां रचना शुक्ला (52) और बहन अनीता शुक्ला (20) को बजहा मिश्रान गांव के पास से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि मामले में नामजद रज्जन शुक्ला और अंकित शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। दोनों आरोपी गिरफ्तार सागर शुक्ला के सगे भाई हैं।
भाषा
राजेंद्र रवि कांत