Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

एमसीडी ने कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही के लिए तीन अभियंताओं को निलंबित किया

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही के आरोप में बृहस्पतिवार को भवन विभाग के एक सहायक अभियंता और दो कनिष्ठ अभियंताओं को निलंबित कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इससे पहले निगम ने सत्य निकेतन में पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास वाली एक बहुमंजिला इमारत ढहने के बाद सोमवार को अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी होने तक दक्षिण क्षेत्र के उपायुक्त (डीसी) राकेश कुमार और चार अभियंताओं को निलंबित कर दिया था। इस हादसे में पांच छात्रों समेत सात लोगों की मौत हो गई थी और सात अन्य घायल हो गए थे।

बृहस्पतिवार की कार्रवाई के साथ ही इस मामले में अब तक कुल सात अभियंताओं और एक उपायुक्त को निलंबित किया जा चुका है।

एमसीडी के एक बयान के अनुसार, बृहस्पतिवार को निलंबित किए गए अधिकारियों में दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र (पूर्व में नजफगढ़ क्षेत्र) में तैनात सहायक अभियंता रविंद्र कुमार और इसी क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता सुमन सौरभ तथा मोहित यादव शामिल हैं।

सत्य निकेतन इमारत हादसे के बाद पूरी दिल्ली में अवैध और असुरक्षित इमारतों के खिलाफ नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे कड़े अभियान के बीच यह कार्रवाई की गई है।

एमसीडी ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण से निपटने में अधिकारियों की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम ने अधिकारियों को सतर्क रहने और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ समय पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश