Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

बिल्डर-बैंकिंग गठजोड़ मामले में सीबीआई ने 12 ठिकानों पर छापेमारी की, पांच नयी प्राथमिकी दर्ज

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने धोखाधड़ी और घर खरीदारों को ठगने से जुड़े बिल्डर-बैंकिंग गठजोड़ मामले में दो रियल एस्टेट डेवलपर के खिलाफ पांच नए मामले दर्ज करने के बाद बृहस्पतिवार को बेंगलुरु, मुंबई और पुणे में 12 ठिकानों पर तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सीबीआई ने एक बयान में कहा कि उसने बेंगलुरु और मुंबई की परियोजनाओं के संबंध में ‘ओजोन ग्रुप’ और उससे जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ चार मामले तथा बेंगलुरु की परियोजना के संबंध में ‘विवांसा बाल्सम’ के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।

एजेंसी ने कहा कि विभिन्न वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों के खिलाफ भी आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात के आरोपों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

सीबीआई की यह कार्रवाई बड़ी संख्या में घर खरीदारों की ओर से दायर याचिका पर उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के बाद की गई है। इन घर खरीदारों ने बिल्डरों की कथित धोखाधड़ी वाली गतिविधियों से राहत का अनुरोध करते हुए शीर्ष अदालत का रुख किया था।

सीबीआई की प्रवक्ता बीना यादव ने एक बयान में कहा, ‘‘सीबीआई की कार्रवाई का उद्देश्य धन के कथित दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितताओं और रियल एस्टेट क्षेत्र में धोखाधड़ी वाली गतिविधियों से जुड़ी बड़ी साजिश का पता लगाने के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाना है। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की गई है, जिसकी जांच की जा रही है।’’

सीबीआई ने पहले विभिन्न बिल्डर के खिलाफ कुल 50 मामले दर्ज किए थे। नवीनतम प्राथमिकी दर्ज होने के बाद इन मामलों की कुल संख्या बढ़कर 55 हो गई है।

भाषा शफीक नरेश

नरेश