शाहजहांपुर, 10 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में 18 वर्षीय दलित युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने बताया कि युवती बुधवार को अपनी छोटी बहन की तलाश करते हुए एक आरोपी सचिन के घर पहुंची थी।
उन्होंने बताया कि सचिन और उसके साथी दिल कुमार ने कथित तौर पर युवती को घर के अंदर खींच लिया, कमरे में बंद कर दिया और उसका यौन उत्पीड़न किया।
एसपी ने बताया कि युवती को करीब एक घंटे तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
दीक्षित ने बताया कि बुधवार रात इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई और दोनों आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत