(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) इस्माइली मुस्लिम समुदाय के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) द्वारा जल और स्वच्छता, शिक्षा, मातृ स्वास्थ्य, शहरी पुनर्विकास, महिला सशक्तीकरण और रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में शुरू की गई परियोजनाओं की सराहना की।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निमंत्रण के बाद प्रिंस खान नौ से 15 सितंबर तक भारत का दौरा कर रहे हैं।
इस्माइली समुदाय का 50वां इमाम बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है।
बयान के अनुसार, ‘‘भारत में हम आगा खान चतुर्थ और एकेडीएन द्वारा किए गए कार्यों को बहुत सम्मान की दृष्टि से देखते हैं।’’
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि ये परियोजनाएं सार्वजनिक-निजी भागीदारी के उत्कृष्ट उदाहरण हैं और यह दर्शाती हैं कि सरकार के साथ साझेदारी में काम करने वाले गैर-लाभकारी संगठन लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में किस तरह योगदान दे सकते हैं।
इससे पहले, प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की थी।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश