Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

हरियाणा: गुरुग्राम में बेटे की हत्या के लिए आए हमलावरों ने पिता को गोली मारी, मौत

गुरुग्राम, 10 सितंबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में एक किशोर की कथित हत्या का बदला लेने की योजना बनाकर मोटरसाइकिल पर आए तीन हमलावरों ने संबंधित व्यक्ति के बजाय उसके पिता की ही गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:15 बजे उस वक्त हुई, जब बसई गांव निवासी महेंद्र (40) अपने बेटे साहिल के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने कथित तौर पर उन्हें रोका, जिसके बाद उनमें से एक ने पिस्तौल निकालकर महेंद्र के पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि महेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

साहिल ने आरोप लगाया कि हमलावर उसे निशाना बनाने आए थे, लेकिन उसके पिता महेंद्र को ही गोली मार दी।

साहिल ने कहा, ‘‘जनवरी 2025 से मेरे परिवार और आरोपियों के बीच दुश्मनी जारी है। इस घटना में देव, बंटी और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। इनमें से एक ने अपना चेहरा ढक रखा था।’’

पुलिस ने बताया कि जनवरी 2025 में 'बडी' नामक एक किशोर की हत्या कर दी गई थी और उसका शव द्वारका के पास मिला था। उसने बताया कि महेंद्र का दूसरा बेटा प्रियांशु इस मामले में आरोपी है और फिलहाल जेल में बंद है।

साहिल ने आरोप लगाया कि 'बडी' के साथियों ने बदले की भावना से इस गोलीबारी को अंजाम दिया।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) वाई. वी. आर. शशि शेखर ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह घटना आपसी रंजिश के कारण हुई। कुछ आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।’’

पुलिस ने सेक्टर-9ए थाने में मामला दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

डीसीपी ने कहा, ‘‘आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश