वाराणसी, 10 सितंबर (भाषा) वाराणसी से मुंबई जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में बृहस्पतिवार को उस समय कई घंटे की देरी हो गई, जब उड़ान संचालित करने वाले पायलट ने अचानक तबीयत खराब होने की सूचना दी। इसके बाद विमानन कंपनी ने वैकल्पिक व्यवस्था की। एयरलाइन के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
एयरलाइन के सूत्र के मुताबिक उड़ान संख्या 6ई-6544 को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना होना था।
हवाई अड्डे के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि तकनीकी कारणों से उड़ान में कई घंटे की देरी हुई और बाद में इसे मुंबई के लिए रवाना किया गया। उन्होंने यात्रियों द्वारा हवाई अड्डे पर हंगामा किए जाने की खबरों से इनकार किया।
हालांकि, एयरलाइन ने बताया कि उड़ान में देरी उस समय हुई जब इसके लिए निर्धारित पायलट ने अचानक बीमारी की सूचना दी।
एयरलाइन के एक सूत्र ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, 'इसके बाद हमें वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी और एक अन्य पायलट को बुलाया गया, जिसने बाद में उड़ान संचालित की।'
सूत्र ने कहा, 'वैकल्पिक व्यवस्था करने में समय लगा, जिसके कारण कुछ देरी हुई। यात्रियों को देरी के कारणों की जानकारी दी गई और उन्हें जलपान भी उपलब्ध कराया गया।'
वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के बाद विमान अंततः मुंबई के लिए रवाना हो गया।
भाषा
सं, मनीष, जफर रवि कांत