अहमदाबाद, 10 सितंबर (भाषा) लखनऊ से सऊदी अरब के दम्माम जा रहे इंडिगो के एक विमान को बम धमकी मिलने के बाद बृहस्पतिवार शाम अहमदाबाद हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारा गया। हालांकि, अभी तक विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि उड़ान संख्या ‘6ई97’ शाम 5:45 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतरी। उन्होंने कहा कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हवाई अड्डा पुलिस निरीक्षक ए. डी. चावड़ा ने कहा, ‘‘चालक दल के एक सदस्य को विमान में कागज के एक टुकड़े पर ‘बम’ लिखा मिला, जिसके बाद विमान को अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतारा गया। विमान में 107 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। उन्हें विमान से उतार दिया गया।’’
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मी विमान की जांच कर रहे हैं और अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
इससे पहले 31 अगस्त को दम्माम से नयी दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को अहमदाबाद हवाई अड्डे पर आपातकालीन स्थिति में उतारा गया था। यह कदम तब उठाया गया था जब चालक दल के एक सदस्य को एक टिश्यू पेपर मिला था, जिस पर विमान में बम होने का संदेश लिखा था। बाद में यह धमकी झूठी निकली थी।
भाषा शफीक माधव
माधव