Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

गैस कारोबारियों पर विवादास्पद टिप्पणी के बाद नेपाल की उद्योग मंत्री गौरी कुमार ने दिया इस्तीफा

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, 10 सितंबर (भाषा) नेपाल की उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री गौरी कुमारी यादव ने देश में रसोई गैस (एलपीजी) की कमी के बीच गैस कारोबारियों को लेकर विवादास्पद टिप्पणी करने के बाद बृहस्पतिवार को इस्तीफा दे दिया।

मंत्री के सचिवालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यादव ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को अपना इस्तीफा सौंपा।

यादव ने एक दिन पहले संसद की एक समिति की बैठक में गैस कारोबारियों को लेकर टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था।

उन्होंने कहा था कि उद्योगपतियों के खिलाफ कार्रवाई किए बिना एलपीजी की आपूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं होगा।

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई थी जब देश में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर चिंता बनी हुई है और सरकार के स्थिति से निपटने के तरीके पर मंत्री से सवाल किए जा रहे थे।

यादव को अप्रैल में उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री नियुक्त किया गया था।

इस बीच, प्रधानमंत्री शाह की सिफारिश पर राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने बृहस्पतिवार को नवनियुक्त वाणिज्य, उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री दीपक शाह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

काठमांडू के शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शाह ने शपथ ली।

रसुवा में आई बाढ़ के कारण काठमांडू के पश्चिम में नागढुंगा के पास राजमार्ग का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद देश में रसोई गैस की कमी हो गई है।

रसोई गैस की आपूर्ति करने में विफल रहने के बाद यादव ने रसोई गैस कारोबार से जुड़े व्यापारियों और एलपीजी की आपूर्ति के लिए जिम्मेदार नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन के कर्मचारियों पर सरकार के साथ सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया था।

नेपाल एलपीजी का आयात नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन के जरिये भारत से करता है और करीब 50 प्रतिशत नेपाली परिवार खाना पकाने के लिए एलपीजी पर निर्भर हैं।

भाषा योगेश अजय

अजय