Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

सोने में तीन दिन से जारी गिरावट थमी, चांदी भी मजबूत

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को खुदरा विक्रेताओं और स्टॉकिस्ट की ताजा लिवाली के कारण सोने की कीमतों में तीन सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया और इसकी कीमत 600 रुपये बढ़कर 1,58,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।

पिछले सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी में भी लगातार तीसरे सत्र में तेजी जारी रही और यह बुधवार के 2,43,400 प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से 1,200 रुपये बढ़कर 2,44,600 प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई।

ब्रोकरेज मंच लेमन के शोध प्रमुख, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘सोने और चांदी की कीमतों में बढ़त हो रही है क्योंकि बाजार के भागीदार शुक्रवार को आने वाले अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य मुद्रास्फीति (सीपीआई) के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जिनसे फेडरल रिजर्व के सितंबर के नीतिगत फैसले के बारे में संकेत मिल सकते हैं।’’

हालांकि, महंगाई के आंकड़ों से पहले विदेशी बाजारों में सावधानी बरती गई, जिसमें हाजिर सोना 61.29 डॉलर या 1.4 प्रतिशत गिरकर 4,340.71 डॉलर प्रति औंस पर आ गया और चांदी छह प्रतिशत टूटकर 64.54 डॉलर रह गई।

कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को सोना 4,400 डॉलर से नीचे और चांदी 66 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई क्योंकि निवेशक महंगाई के आंकड़ों से पहले सतर्क हो गए। इनसे फेडरल रिजर्व की 15-16 सितंबर की बैठक की दिशा तय होगी।’’

उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार के सत्र में भी कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त जारी रही, जिसमें ब्रेंट 102.5 डॉलर प्रति बैरल के करीब (मई के बाद सबसे अधिक) और डब्ल्यूटीआई 96.5 डॉलर के आसपास रहा, क्योंकि अमेरिका-ईरान संघर्ष में कमी के कोई संकेत नहीं दिखे।

चैनवाला ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने महंगाई के दबाव को बढ़ाया और वैश्विक स्तर पर सर्राफा की दरों पर असर डाला।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय