नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने देश के उच्च शिक्षा संस्थानों में ‘‘नियमित और पूर्णकालिक प्रमुखों की नियुक्ति नहीं होने’’ को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह स्थिति अस्वीकार्य है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय महत्व के 155 संस्थानों में से 37 में नियमित और पूर्णकालिक प्रमुख नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि 48 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में से 20 में, 25 भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईआईटी) में से 10 में, 21 भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) में से तीन में और 31 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) में से तीन में नियमित और पूर्णकालिक कुलपति या निदेशक नहीं हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसे संस्थानों में भी जहां नियमित और पूर्णकालिक कुलपति या निदेशक हैं, उनमें से कई के बारे में जितना कम कहा जाए, उतना बेहतर है।
रमेश ने आरोप लगाया कि देश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘भारत में उच्च शिक्षा ‘मोदीफाइड’ होने की कीमत चुका रही है।’’
भाषा हक हक नरेश
नरेश