Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

राहुल गांधी को ‘मियां’ कहे जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, भाजपा अध्यक्ष का पुतला फूंका

हल्द्वानी, 10 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘मियां’ कहकर संबोधित किए जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यहां प्रदर्शन किया और उनका पुतला फूंका।

दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आए नवीन ने बुधवार शाम एक कार्यक्रम में वंदे मातरम का उल्लेख करते हुए गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर संबोधित किया था।

अपने नेता को ‘मियां’ कहे जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता यहां बुद्ध पार्क में एकत्र हुए और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा अध्यक्ष की भाषा को आपत्तिजनक बताते हुए उनका पुतला फूंका।

कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस भी बुद्ध पार्क पहुंच गई और स्थिति पर नजर बनाए रखी। नवीन का पुतला फूंकने के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक विरोध प्रदर्शन जारी रखा।

नवीन ने अपने संबोधन में कहा था कि राहुल गांधी वंदे मातरम का महत्व नहीं समझ सकते, क्योंकि वह विदेशी संस्कृति में पले-बढ़े हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा था, ‘‘देश में ऐसे दल के भी लोग हैं जो वंदे मातरम कहने में शर्मिंदगी महसूस करते हैं। मैं राहुल मियां से कहता हूं मित्रों, राहुल जी आप वंदे मातरम का महत्व समझ ही नहीं सकते, क्योंकि आपने कहीं न कहीं भारतीय संस्कृति के महत्व को नहीं समझा। आप तो विदेशी संस्कृति में ही पले-बढ़े हैं।’’

नवीन ने कहा था कि जिस वंदे मातरम की गूंज से हजारों-लाखों बलिदानियों ने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया, उसे पूरा गाने से उनकी मां और उनकी पार्टी अपमानित महसूस करती है।

वंदे मातरम को सम्मान का प्रतीक बताते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा था कि इसकी गूंज केवल आजादी की आवाज नहीं है, बल्कि यह 2047 के विकसित भारत की आवाज है, जिसे नयी पीढ़ी से जोड़ते हुए लगातार आगे बढ़ाना है।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत