फरीदाबाद, 10 सितंबर (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में बृहस्पतिवार को एक मोटरसाइकिल के अचानक अनियंत्रित होकर राजमार्ग की रेलिंग से टकराने के कारण दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कृष्णा कॉलोनी निवासी सोनू (24) और सुन्नी (22) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों युवक तड़के करीब 3:45 बजे दिल्ली जाने के लिए अपने घर से निकले थे, मोटरसाइकिल सोनू चला रहा था, जबकि सुन्नी पीछे बैठा था।
पुलिस ने बताया कि हादसा तड़के करीब चार बजे सराय टोल प्लाजा के पास हुआ। उसने बताया कि सुनसान राजमार्ग पर तेज गति से जा रही मोटरसाइकिल के चालक ने वाहन से अचानक अपना नियंत्रण खो दिया और मोटरसाइकिल सड़क के बीच में लगी रेलिंग से जा टकराई।
पुलिस के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों युवक मोटरसाइकिल समेत सड़क पर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय दोनों हेलमेट नहीं पहने थे।
पुलिस ने बताया कि राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बाद में दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, 'दोनों मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।'
भाषा शुभम रंजन
रंजन