हैदराबाद, 10 सितंबर (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी भी बृहस्पतिवार को 1980 के दशक की यादों वाले सोशल मीडिया 'ट्रेंड' में शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' व 'इंस्टाग्राम' पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनाई गई अपनी एक तस्वीर साझा की और इसके परिचय में लिखा '80 के दशक के ट्रेंड में शामिल हो रहा हूं'।
तस्वीर में रेड्डी मोटरसाइकिल के सहारे सहज अंदाज में खड़े नजर आ रहे हैं। पृष्ठभूमि में 1980 के दशक के पुराने दौर की याद दिलाने वाले फिल्मी पोस्टर हैं, जो उस दशक के आकर्षण को उभारते हैं।
इस तस्वीर में वह ऑफ-व्हाइट शर्ट, खाकी पैंट और भूरे रंग का कोट पहने और मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। उनका एक हाथ जेब में है, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल पर सहज अंदाज में रखा हुआ है।
मुख्यमंत्री की इस पोस्ट को कुछ ही घंटों में हजारों 'लाइक' मिले। 'इंस्टाग्राम' पर एक उपयोगकर्ता ने टिप्पणी की, '80 के दशक का लुक... रेवंत अन्ना का औरा।'
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और किरेन रीजीजू समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस चलन में हिस्सा लिया और अपनी एआई से बनाई गई तस्वीरें साझा कीं।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश