Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रावास की क्षमता दोगुनी से अधिक करने की तैयारी में

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) अपने छात्रावासों की क्षमता दोगुनी से अधिक करने की तैयारी में है, जिसके साथ ही विश्वविद्यालय और इसके महाविद्यालयों के छात्रावासों में कुल सीट बढ़कर 12,754 हो जाएंगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल विश्वविद्यालय के छात्रावासों में 3,422 सीट हैं, जो जारी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद 3,922 सीट वृद्धि के साथ बढ़कर 7,344 हो जाएंगी।

इसी तरह, दिल्ली विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों में छात्रावास की क्षमता 3,788 सीट से बढ़कर 5,410 हो जाएगी, जिसमें 1,622 नयी सीट जोड़ी जाएंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, इसके बाद डीयू और उसके महाविद्यालयों की संयुक्त छात्रावास क्षमता बढ़कर 12,754 सीट तक पहुंच जाएगी।

दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए छात्रावास सुविधाओं के विस्तार की योजनाएं पिछले कुछ वर्षों से चल रही हैं, लेकिन हाल में सत्य निकेतन में पीजी के रूप में इस्तेमाल हो रही इमारत ढहने की घटना और इसके बाद छात्रों द्वारा जवाबदेही की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शनों से इस प्रक्रिया में तेजी लाने पर फिर ध्यान केंद्रित हुआ है।

अधिकारियों के मुताबिक, कई छात्रावास परियोजनाओं पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है और इनके आने वाले महीनों में पूरा होने की उम्मीद है।

डीयू के एक बयान में कहा गया कि विश्वविद्यालय के धौला कुआं स्थित ढाका कॉम्प्लेक्स में ‘इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस’ (आईओई) छात्रावास का निर्माण लगभग पूरा होने वाला है, जिसमें 1,450 सीट की क्षमता होगी। ‘निर्भया रेजिडेंशियल एकोमोडेशन’ नाम से 1,000 सीट वाला महिला छात्रावास भी बनाया जा रहा है।

इसके अलावा, 1,050 सीट की क्षमता वाला स्टूडियो अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स भी निर्माणाधीन परियोजनाओं में शामिल है। वहीं, कई अन्य छात्रावास परियोजनाओं पर काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

इसके अलावा, दिल्ली विश्वविद्यालय निकट भविष्य में सरकार के समक्ष कई नयी छात्रावास परियोजनाओं के प्रस्ताव पेश करने की योजना बना रहा है।

विश्वविद्यालय ने अपने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों से छात्रों के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं की समीक्षा करने और निर्माणाधीन छात्रावास परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश