Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

केनरा बैंक बॉन्ड के जरिये जुटाएगा 4,500 करोड़ रुपये

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक ने बृहस्पतिवार को बासेल-तीन मानकों के अनुरूप अतिरिक्त टियर-1 बॉन्ड के जरिये 4,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की घोषणा की। बैंक यह राशि मुख्य रूप से कारोबार विस्तार के लिए जुटा रहा है।

केनरा बैंक ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि यह पूंजी जुटाने की योजना का हिस्सा है। बैंक के निदेशक मंडल ने अतिरिक्त टियर-1 बॉन्ड के जरिये 4,500 करोड़ रुपये और टियर-2 बॉन्ड के जरिये 4,000 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी दी है।

अतिरिक्त टियर-1 बॉन्ड मुख्य पूंजी की तरह होती है जबकि टियर-2 बॉन्ड पूरक/आरक्षित पूंजी के रूप में काम करती है।

प्रस्तावित अतिरिक्त टियर-1 बॉन्ड स्थायी ऋण प्रतिभूति होंगे, जिनमें पांच साल बाद इन्हें वापस खरीदने का विकल्प होगा। यह नियामकीय मंजूरी पर निर्भर होगा।

बैंक ने कहा कि इस बॉन्ड को लेकर निवेशकों में काफी रुचि रहने की उम्मीद है। इस पर 7.85 से 7.90 प्रतिशत कूपन दर यानी ब्याज रहने का अनुमान है।

केनरा बैंक ने कहा कि पूंजी जुटाने की यह योजना ऐसे समय में आई है जब बैंक के प्रमुख कारोबार क्षेत्रों में लगातार वृद्धि हो रही है।

बैंक के अनुसार, वह 30 लाख करोड़ रुपये के कारोबार को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जमा के साथ खुदरा, कृषि, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम तथा कॉरपोरेट कर्ज में लगातार वृद्धि से इसे मदद मिल रही है।

बैंक ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक की हाल में घोषित एफसीएनआर(बी) (विदेशी मुद्रा प्रवासी भारतीय-बैंक) जमा के मामले में भी उसे ग्राहकों का मजबूत भरोसा मिला है। इसके तहत बैंक 5.80 अरब डॉलर जुटाने में सफल रहा है।

बैंक के मुताबिक, इतनी बड़ी राशि जुटाना उसकी व्यापक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी तथा ग्राहकों के लगातार भरोसे को बताता है।

केनरा बैंक ने कहा कि प्रस्तावित अतिरिक्त टियर-1 बॉन्ड जारी करने से उसकी पूंजी की स्थिति और मजबूत होगी। इससे मजबूत पूंजी आधार और वित्तीय मजबूती बनाए रखते हुए कारोबार के विस्तार के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे।

भाषा रमण अजय

अजय