कोलकाता, 10 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार 17 सितंबर को देश के अन्य हिस्सों की तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन मनाएगी और इस अवसर पर पूरे राज्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी। यह जानकारी बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी।
उन्होंने बताया कि सात अक्टूबर को मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक पद पर लगातार विराजमान रहने के 25 साल पूरे होने के मौके पर कई और कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
अधिकारी ने राज्य के प्रशासनिक मुख्यालय ‘नबन्ना’ में मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के साथ तैयारी बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक के बाद उन्होंने कहा कि उनकी सरकार 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर सूर्यास्त के बाद ‘आशीर्वादों का दीया’ कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें दीये जलाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘यह कार्यक्रम पूरे पश्चिम बंगाल में आयोजित किया जाएगा और इसमें एक करोड़ से अधिक परिवार हिस्सा लेंगे।’’ उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में हुगली नदी के किनारे होगा।
अधिकारी ने कहा कि 17 सितंबर को सरकारी और ऐतिहासिक इमारतों (जिनमें नबन्ना, विक्टोरिया मेमोरियल हॉल, राज्य का पुराना सचिवालय ‘राइटर्स बिल्डिंग’ और कालीघाट मंदिर जैसी धार्मिक जगहें शामिल हैं) को दीयों से रोशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत पश्चिम बंगाल के 80,000 से अधिक स्कूलों के छात्र ड्राइंग, भाषण, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। इन प्रतियोगिताओं के जरिए वे 2047 में विकसित भारत कैसा होना चाहिए, इस बारे में अपने विचार और सपने साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में सरकार की अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं (जैसे प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री सूर्यघर) से लोगों को मिले फायदों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को इस मौके पर साइकिल और मोटरसाइकिल रैलियां और पदयात्राएं भी निकाली जाएंगी।
अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार 25 साल तक कार्यकारी पद पर रहने के नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल को चिह्नित करने के लिए सात अक्टूबर को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मोदी सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने और 2014 में प्रधानमंत्री बनने तक इस पद पर रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सात अक्टूबर को वर्चुअल माध्यम से देश के सभी जिलों को संबोधित करेंगे और उस दिन सफाई अभियान और रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
भाषा संतोष नरेश
नरेश