जयपुर, 10 सितंबर (भाषा) राजस्थान की जयपुर केंद्रीय जेल में बंद बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव के पास तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। जेल प्रशासन ने इस मामले में लालकोठी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यादव ने कथित तौर पर मोबाइल फोन को जमीन पर बिछाए गए कंबल के नीचे छिपा रखा था।
पुलिस ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जयपुर केंद्रीय जेल में सघन तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान विचाराधीन बंदी बलजीत यादव के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में जेल प्रहरी विष्णु (27) ने प्राथमिकी दर्ज कराई है और बरामद मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंचा। इसके अलावा यादव ने जेल में रहते हुए किन-किन लोगों से संपर्क किया, इसकी जानकारी जुटाने के लिए मोबाइल का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी निकलवाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, बलजीत यादव के खिलाफ स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (विधायक कोष) की राशि में कथित 3.72 करोड़ रुपये के घोटाले और दुरुपयोग से जुड़े मामले की जांच चल रही है। आरोप है कि बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के 32 सरकारी विद्यालयों के लिए बैडमिंटन और क्रिकेट किट की खरीद में अनियमितताएं की गई थीं।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत