कोलकाता, 10 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष बृहस्पतिवार को तीन माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 25 लाख रुपये का इनामी एक दंपति और एक लाख रुपये की इनामी एक अन्य सदस्य शामिल है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा के निवासी एवं रीजनल कमेटी के सदस्य रामप्रसाद मार्डी उर्फ महादेव ने एक एके-47 राइफल के साथ आत्मसमर्पण किया।
अधिकारी ने बताया कि मार्डी पर 15 लाख रुपये का नकद इनाम था, जबकि उसकी पत्नी एवं माओवादी जोनल कमेटी की सदस्य मीता उर्फ नयनतारा पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
अधिकारी के अनुसार, इस दंपति के साथ गौरी उर्फ बुल्लू नाम की एक अन्य माओवादी सदस्य ने भी आत्मसमर्पण किया है, जिस पर एक लाख रुपये का नकद इनाम था।
दोनों महिला सदस्य पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। मीता जहां नंदीग्राम की रहने वाली है, वहीं गौरी बेलपहाड़ी की निवासी है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश