Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

वियतनाम ओपन क्वार्टर फाइनल में प्रणय का सामना हमवतन संस्कार से, तन्वी और मालविका आमने-सामने

हो ची मिन्ह सिटी (वियतनाम), 10 सितंबर (भाषा) भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बृहस्पतिवार को यहां वियतनाम ओपन सुपर 100 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जहां अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणय का सामना पुरुष एकल में हमवतन संस्कार सारस्वत से होगा जबकि तन्वी शर्मा महिला एकल में मालविका बंसोड़ से भिड़ेंगी।

तीसरी वरीयता प्राप्त प्रणय ने चीनी ताइपे के वू झे यिंग को 21-15, 13-21, 21-14 से हराया। वहीं संस्कार ने प्री क्वार्टर फाइनल में छठी वरीयता प्राप्त हमवतन किरण जॉर्ज को 12-21, 21-1, 21-18 से मात दी।

हाल में ताइपे ओपन सुपर 300 का खिताब जीतने वाली शीर्ष वरीय तन्वी एक अन्य क्वार्टर फाइनल में हमवतन और सातवीं वरीय मालविका का सामना करेंगी।

तन्वी को थाईलैंड की पासा ओर्न फन्नाचेट ने कड़ी चुनौती दी लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने 26-24, 21-12 से जीत दर्ज की। मालविका ने तिदापोर्न क्लीब्येसुन को 21-19, 21-14 से हराया।

तीसरी वरीय ईशारानी बरुआ ने भी मलेशिया की गोह जिन वेई को 21-18, 21-16 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। महिला एकल के अंतिम आठ के मुकाबले में उनका सामना चीनी ताइपे की हुआंग चिंग पिंग से होगा।

पिछले सप्ताह इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 100 में उपविजेता रही मानसी सिंह ने भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चीन की शू वेन जिंग को 23-21, 21-19 से हराया। अब उनका सामना छठी वरीय हमवतन रक्षिता श्री संतोष रामराज से होगा। रक्षिता ने दक्षिण कोरिया की किम मिन सन को 21-13, 22-20 से हराया।

मिश्रित युगल में सातवीं वरीयता प्राप्त विमलराज अन्नादुरई और श्रेया बालाजी ने चौथी वरीयता प्राप्त सात्विक रेड्डी कनापुरम और राधिका शर्मा की जोड़ी को 21-15, 24-22 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अगले दौर में उनका सामना थाईलैंड के फुवानत हॉर्बनलुएकिट और फुंगफा कोरफथमामकिट से होगा।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों में थारुन मन्नेपल्ली और अलाप मिश्रा हालांकि प्री क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सके।

मन्नेपल्ली को वियतनाम के गुयेन हाई डांग ने 21-14, 21-13 से हराया जबकि अलाप को चीन के पांचवीं वरीयता प्राप्त डोंग तियान याओ ने 21-15, 21-9 से मात दी।

चीन के सातवीं वरीय झू शुआन चेन ने बेहद करीबी मुकाबले में भारत के रौनक चौहान को 21-16, 11-21, 25-23 से हराया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता