नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार को एक निहंग सिख ने गन्ने के रस की दुकान के कर्मचारी को 10 रुपये को लेकर हुए विवाद के बाद कथित रूप से तलवार से हमला कर जख्मी कर दिया।
पुलिस ने बताया कि रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ हुई वारदात के सिलसिले में दो निहंग सिखों को पकड़ा गया है।
पुलिस ने बताया कि घटना सुबह करीब 10 बजे रेलवे स्टेशन के बाहरी गेट के पास स्थित एक गन्ने के रस की दुकान के पास हुई जिसके बाद कमला मार्केट थाने में तलवार से हमले की सूचना दी गई है और एम्बुलेंस की मांग भी की गई।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि 35 वर्षीय पीड़ित दुकान का कर्मचारी है और झगड़े के दौरान हमले में उसके बाएं हाथ पर गहरी चोट आई है।
पुलिस ने बताया कि कर्मियों ने उसे फौरन लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी चिकित्सकीय जांच की गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी गगनदीप सिंह (21) और उसके भाई बलजीत सिंह (30) के रूप में हुई है, जिन्हें स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया।
बयान में कहा गया है कि घटना के समय दोनों व्यक्तियों के पास तलवारें थीं।
प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, दोनों भाई ट्रेन से अमृतसर से दिल्ली आए थे और रात में गुरुद्वारा शीश गंज साहिब में रुके थे। फिर वे धार्मिक यात्रा के लिए महाराष्ट्र के नांदेड़ जाने के लिए ट्रेन में सवार होने के लिए नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे।
बयान में कहा गया है कि दोनों गन्ने के रस की दुकान पर रुके थे और दो गिलास रस पीया था और जब दुकान के कर्मचारी ने उनसे 60 रुपये देने को कहा तो विवाद हो गया और वे 50 रुपये देने पर अड़े रहे।
पुलिस ने कहा कि बहस जल्द ही झगड़े में बदल गई और इस दौरान, गगनदीप सिंह ने कथित तौर पर तलवार निकाली और दुकान के कर्मचारी पर हमला कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ पर गहरा घाव हो गया।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश