Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

11 सितंबर : आतंकवादी हमले से अमेरिका का सीना छलनी

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) इतिहास में 11 सितंबर का दिन एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका के सीने पर इस दिन हुए घातक आतंकवादी हमले ने एक ऐसा घाव दिया, जिसकी टीस दुनिया रहने तक कायम रहेगी।

साल 2001 में 11 सितंबर के दिन आतंकवादियों ने यात्री विमानों का अपहरण कर अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ और पेंटागन मुख्यालय को निशाना बनाया। इसे अमेरिका के इतिहास के सबसे बड़े आतंकवादी हमले के तौर पर देखा जाता है।

देश-दुनिया में 11 सितंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1893 : अमेरिका के शिकागो क्षेत्र में आयोजित विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद ने सांप्रदायिकता, धार्मिक कट्टरता और हिंसा पर ऐतिहासिक भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने सभी धर्मों की अच्छाइयों का भी जिक्र किया।

1895 : महान स्वतंत्रता सेनानी, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रसिद्ध गांधीवादी नेता विनोबा भावे का जन्म।

1906 : महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका में सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया।

1919 : अमेरिकी नौसेना ने होंडुरास पर आक्रमण किया।

1922 : ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में सचित्र दैनिक समाचार पत्र ‘द सन न्यूज पिक्टोरियल’ की शुरुआत।

1939 : इराक और सऊदी अरब ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।

1948 : 'मुस्लिम लीग' के अध्यक्ष मोहम्मद अली जिन्ना का निधन।

1951 : फ्लोरेंस चाडविक ने इंग्लिश चैनल तैरकर पार किया। उन्हें इंग्लैंड से फ्रांस पहुंचने में 16 घंटे और 19 मिनट लगे। ऐसा करने वाली वह पहली महिला बनीं।

1968 : एयर फ्रांस का विमान नाइस के पास दुर्घटनाग्रस्त। हादसे में 89 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों की मौत।

2001: अमेरिका में आतंकवादियों ने विमानों का अपहरण कर न्यूयॉर्क में ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ की दो इमारतों, वर्जीनिया स्थित पेंटागन मुख्यालय और पेन्सिलवेनिया पर हमला किया।

2003 : चीन के विरोध के बावजूद अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश तिब्बत के धार्मिक नेता दलाई लामा से मिले।

2005 : गाजा पट्टी में 38 साल से जारी सैन्य शासन समाप्त करने की घोषणा।

2015: सऊदी अरब में मस्जिद अल-हरम में क्रेन गिरने से 111 लोगों की मौत, 394 लोग घायल।

2019 : अमेरिका ने प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सरगना नूर वली महसूद पर प्रतिबंध लगाया और उसे वैश्विक आतंकवादी घोषित किया।

2020 : सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश का निधन।

2024: ‘सोयूज’ अंतरिक्ष यान ने दो रूसी और एक अमेरिकी यात्री को लेकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरी।

भाषा

संतोष पवनेश

पवनेश