चेन्नई, 10 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बृहस्पतिवार को कहा कि निर्वाचन आयोग (ईसी) ने उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक पंजीकृत राजनीतिक दल के रूप में मान्यता दे दी है और उसे चुनाव चिह्न ‘सीटी’ आवंटित किया है।
विजय ने दो साल पहले शुरू की गई अपनी पार्टी टीवीके के 2026 विधानसभा चुनावों में प्रदर्शन पर चर्चा की और अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।
अपने समर्थकों के लिए ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए संदेश में मुख्यमंत्री ने 2026 विधानसभा चुनाव में टीवीके के उभार को तमिलनाडु की राजनीति में एक ‘‘चमत्कार’’ बताया।
उन्होंने अपने समर्थकों से कहा, ‘‘भारत निर्वाचन आयोग ने आपकी तमिलगा वेत्री कषगम को तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एक पंजीकृत राजनीतिक दल के रूप में मान्यता दे दी है।’’
विजय ने कहा, ‘‘35 प्रतिशत मतों के साथ आपने टीवीके को सबसे बड़े राजनीतिक दल का दर्जा दिलाया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपके फैसले का सम्मान करते हुए, लोकतांत्रिक ताकतों के समर्थन से मैं ईमानदार और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के प्रति प्रतिबद्ध हूं।’’
विजय ने ‘‘धर्मनिरपेक्ष सामाजिक न्याय’’ और पारदर्शी शासन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
उन्होंने पूरे राज्य में लगातार जनसेवा और कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से मतदाताओं के भरोसे पर खरा उतरने का संकल्प लिया।
भाषा देवेंद्र नरेश
नरेश