Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मैच तय कार्यक्रम के अनुसार 13 सितंबर को होगा: डीडीसीए

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण मैच की तारीख बदलने के अनुरोध के बावजूद भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच तय कार्यक्रम के अनुसार 13 सितंबर को ही खेला जाएगा। दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अफगानिस्तान इस तीन मैच की सीरीज में भारत की मेजबानी कर रहा है। सभी मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 13, 15 और 17 सितंबर को खेले जाने हैं।

डीडीसीए ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला पहला टी20 अंतरराष्ट्ररय मैच तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा। ’’

डीडीसीए ने कहा, ‘‘दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद डीडीसीए को सभी आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाओं का आश्वासन दिया गया है। मैच स्थगित नहीं होगा। ’’

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने डीडीसीए से पहले मैच को पुनर्निर्धारित करने का अनुरोध किया था। पुलिस ने इसके पीछे सप्ताहांत में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए की जा रही व्यापक यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं का हवाला दिया था।

डीडीसीए को नौ सितंबर को लिखे अपने पत्र में मध्य रेंज के पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने कहा कि 12 और 13 सितंबर को होने वाले शिखर सम्मेलन के लिए बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों और वीवीआईपी के दिल्ली आने की उम्मीद है।

पत्र में कहा गया है कि शिखर सम्मेलन के लिए व्यापक यातायात व्यवस्था की आवश्यकता होगी, जिसमें वीवीआईपी/वीआईपी मार्ग विनियमन, यातायात मार्ग परिवर्तन और विदेशी प्रतिनिधियों के वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए कर्मियों की तैनाती शामिल है।

पत्र के अनुसार, 13 सितंबर के क्रिकेट मैच में लगभग 25,000 से 35,000 दर्शकों के आने की उम्मीद है।

यातायात पुलिस ने कहा कि अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास के इलाकों और डीडीयू मार्ग, बीएसजेड मार्ग, मिंटो रोड व कमला मार्केट पर पहले से ही काफी संख्या में वाहन और पैदल लोग आते-जाते हैं।

पत्र के मुताबिक, मैच के कारण बीएसजेड मार्ग, माता सुंदरी कॉलेज, राजघाट और बाल भवन के आसपास अतिरिक्त यातायात और पार्किंग बढ़ने की संभावना है। इससे सड़क पर वाहनों के चलने के लिए जगह कम हो सकती है और जाम लग सकता है।

इसमें बताया गया कि बड़ी संख्या में दिल्ली यातायात पुलिस के कर्मियों को पहले से ही ब्रिक्स से संबंधित यातायात विनियमन, मार्ग परिवर्तन और वीवीआईपी/वीआईपी आवाजाही के लिए तैनात किया गया है।

पत्र में कहा गया है कि इसी के साथ क्रिकेट मैच के लिए व्यवस्था करने से कर्मियों पर काफी दबाव पड़ेगा और यातायात मार्ग परिवर्तन, पार्किंग, भीड़ विनियमन, आपातकालीन पहुंच और मार्ग निकासी में महत्वपूर्ण चुनौतियां पैदा होंगी।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अंतरराष्ट्रीय महत्व और प्राथमिकता को देखते हुए, डीडीसीए से सम्मेलन और संबंधित यातायात व्यवस्था के पूरा होने के बाद मैच को किसी भी उपयुक्त तिथि पर पुनर्निर्धारित या स्थगित करने पर विचार करने का अनुरोध किया गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार, इस कदम से संसाधनों की प्रभावी तैनाती में मदद मिलेगी और विदेशी प्रतिनिधियों, वीवीआईपी और आम जनता की सुचारू और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होगी।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर