Breaking News

बीजेपी 18 सितंबर से शुरू करेगी ‘नशा मुक्त पंजाब' यात्रा, 30 सितंबर तक चलेगी     |   11-13 सितंबर तक आम जनता के लिए राष्ट्रपति भवन, म्यूजियम, अमृत उद्यान बंद रहेगा     |   लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |  

कर्नाटक की शिवकुमार सरकार चुनावी वादे पूरे करे : सिद्धरमैया

बेंगलुरु, 10 सितंबर (भाषा) कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को डी. के. शिवकुमार नीत सरकार से चुनावी वादों को पूरा करने, पांच गारंटी योजनाओं को जारी रखने और सूखे की स्थिति से निपटने पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ‘‘सही दिशा’’ में आगे बढ़ रही है।

शिवकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिद्धरमैया ने कहा कि इस अवसर को केवल जश्न के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह आकलन करने का मौका होना चाहिए कि सरकार जनता से किए गए अपने वादों को पूरा कर रही है या नहीं।

उन्होंने कहा, ‘‘ये दिन केवल जश्न मनाने के लिए नहीं हैं। ये हमारे लिए यह देखने का अवसर और जिम्मेदारी है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं या नहीं।’’

सिद्धरमैया ने कहा कि विपक्ष के इस आरोप के बावजूद कि पांच गारंटी योजनाओं (गृह ज्योति, गृह लक्ष्मी, अन्न भाग्य, शक्ति और युवा निधि) से राज्य दिवालिया हो जाएगा और विकास कार्यों के लिए धन नहीं बचेगा, इन्हें लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं पर हर साल करीब 52,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इन गारंटी योजनाओं से सभी समुदायों के गरीब लोगों को लाभ मिला है और दावा किया कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र के कई अन्य वादों को पूरा किया है तथा विकास कार्यों के लिए धन उपलब्ध कराना जारी रखा है।

इस बीच, कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कांग्रेस को भारत को बदलने और लोकतंत्र को मजबूत करने वाली ताकत बताया। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी 2028 के विधानसभा चुनावों में भी जीत हासिल करेगी।

शिवकुमार ने कहा कि उनकी सरकार राज्य की कल्याणकारी योजनाओं की विरासत को आगे बढ़ाते हुए विकास आधारित भविष्य की दिशा में काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार कर्नाटक के सात करोड़ लोगों की सरकार है।

उन्होंने कल्याण, रोजगार, सिंचाई, बुनियादी ढांचा, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, निवेश और क्षेत्रीय विकास को शामिल करते हुए सरकार का व्यापक दृष्टिकोण पेश किया।

भाषा शफीक अविनाश

अविनाश